धर्मनगरी की पंजाबी धर्मशाला में आज से 10 दिन के लिए हरियाणा व उत्तराखंड के जिलाध्यक्षों का प्रशिक्षण शुरू होगा, जिसके लिए खास कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। दोपहर दो बजे बाद पहला सत्र होगा, जिसको लेकर नेताओं का आगमन शुरू हो चुका है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह व प्रदेश प्रभारी बी के हरिप्रसाद ने कमान संभाल ली है। दोनों ही नेताओं ने कार्यशाला हॉल से लेकर पार्किंग व जिलाध्यक्षों एवं अन्य नेताओं के रहने वाल खाने-पीने की व्यवस्था काे जांचा। धर्मशाला परिसर में बाहरी लोगों का प्रवेश बंद कर दिया गया है जबकि अभी तक प्रदेश के 33 में से 30 व उत्तराखंड के 22 जिलाध्यक्ष पहुंच चुके हैं। कार्यशाला हॉल में प्रशिक्षण के दौरान जिलाध्यक्षों को बैठने के लिए मैट व गद्दे लगाए गए हैं तो वहीं पूरी व्यवस्था को बनाए रखने के लिए सेवादल के कार्यकर्ताओं को उतारा गया है। पार्टी के राष्ट्रीय स्तर के नेताओं काे पल-पल की जानकारी दी जा रही है। दोपहर को भोजन उपरांत पहला सत्र शुरू होगा, जिसमें कांग्रेस पार्टी की नीतियों, लक्ष्यों से अवगत कराया जाएगा।