स्वदेशी जागरण मंच और कुरुक्षेत्र के समस्त व्यापारी संगठनों ने रविवार को मोहन नगर में विदेशी कंपनियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पुतला भी फूंका। यह प्रदर्शन 'विदेशी कंपनियां भारत छोड़ो' अभियान के तहत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना और विदेशी कंपनियों का बहिष्कार करना है। स्वदेशी जागरण मंच के पूर्व चेयरमैन प्रवीण चौधरी, डॉ. अजय जांगड़ा और डॉ. अंकेश्वर ने संयुक्त रूप से बताया कि आज विदेशी कंपनियां भारत के हर घर तक पहुंच चुकी हैं, जिसके कारण विदेशी व्यापार को अत्यधिक बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने चिंता जताई कि जिन देशों की कंपनियां भारत में मुनाफा कमा रही हैं, वही देश भारत के दुश्मन देशों का समर्थन करते हैं और आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देते हैं।