टूटी हड्डियों को ऑपरेशन के बाद जुड़ने में कई माह लग जाते हैं और मरीज को उतने समय बेड पर ही दूसरे पर निर्भर रहना पड़ता है। परंतु अब ऐसा नहीं होगा। अब जिला नागरिक अस्पताल में इलिजारोव तकनीक से ऑपरेशन होना शुरू हो गए हैं। इस तकनीक के माध्यम से लोकनायक जयप्रकाश जिला नागरिक अस्पताल में कुरुक्षेत्र के रहने वाले सतबीर की हादसे में चूर-चूर हुई टांग का सफल ऑपरेशन किया गया है, जिसे काटने की तैयारी थी। उन्होंने ऑपरेशन के महज कुछ घंटे बाद ही चलना शुरू कर दिया। यह करिश्मा हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. गुंजन ने कर दिखाया है। उन्होंने इस तकनीक के माध्यम से गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हुए पैरों के इलाज में क्रांतिकारी बदलाव का वादा किया है। इस ऑप्रेशन का श्रेय उन्होंने सीएमओ डॉ. सुखबीर सैनी, पीएमओ साराह अग्रवाल, डॉ. शैली, ऑर्थों ईश्म सिंह के प्रोत्साहन को दिया है।