पर्यटन एवं सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से कुरुक्षेत्र की पहचान पूरे विश्व में है। इस पावन धरा कुरुक्षेत्र के साथ-साथ हरियाणा का हर क्षेत्र में चहुमुखी विकास हो रहा है और प्रदेश सरकार की तरफ से कुरुक्षेत्र में पर्यटन की दृष्टि से अनेक योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। पर्यटन मंत्री सोमवार को शक्तिपीठ मां भद्रकाली मंदिर में पहले नवरात्र पर पूजा अर्चना करने पहुंचे थे। यहां पर पर्यटन मंत्री ने परंपरा अनुसार पूजा अर्चना की और शक्ति पीठ पर माथा टेका। इस दौरान शक्ति पीठ मां भद्रकाली मंदिर के पीठाधीश पंडित सतपाल ने परम्परा अनुसार पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा व हरियाणा के पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा से पूजा अर्चना करवाई पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने प्रदेशवासियों को नवरात्र के साथ-साथ दशहरा, दीपावली व अन्य पर्वों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश के हर नागरिक को कुरुक्षेत्र की शक्तिपीठ मां भद्रकाली मंदिर में सुख शांति के लिए मां का आशीर्वाद लेने के लिए पहुंचना चाहिए। इस मंदिर से मां का आशीर्वाद प्राप्त करने के बाद हर व्यक्ति की मनोकामना पूर्ण होगी। उन्होंने कहा कि शक्तिपीठ मां भद्रकाली मंदिर के साथ कुरुक्षेत्र के अन्य धार्मिक व पर्यटन स्थलोंं के कारण देश ही नहीं विदेशों में भी एक अलग पहचान है। इस धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की अनेकों परियोजनाओं पर कार्य कर रही है।