अतिथि अध्यापकों के नियमितीकरण की मांग को लेकर रविवार को प्रदेशभर से सैकड़ों महिला अतिथि अध्यापिकाएं कुरुक्षेत्र पहुंचीं और शहर में प्रदर्शन कर सरकार से हाईकोर्ट के फैसले लागू करने की मांग की। प्रदर्शन से पहले लघु सचिवालय में सभा आयोजित की गई, जिसमें वक्ताओं ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय और पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के फैसलों के बावजूद सरकार नियमितीकरण की प्रक्रिया शुरू नहीं कर रही है। सभा की अध्यक्षता महिला विंग की राज्य प्रधान पूनम कुमारी ने की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में कार्यरत अतिथि अध्यापक वर्ष 2014 की नियमितीकरण नीति की सभी शर्तें पूरी करते हैं। इसके बावजूद उन्हें नियमित नहीं किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि सभी पात्र अतिथि अध्यापकों को नियमित कर जून 2014 से सभी सेवा लाभ दिए जाएं।