गुरु पर्व के पावन अवसर पर आज शहर के गुरुद्वारों में भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। अल सुबह से ही संगत गुरुद्वारों में पहुंच रही है और श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष शीश नवाकर आशीर्वाद ले रही है। गुरुद्वारा परिसर में शांति, भजन-सिमरन और अरदास की गूंज श्रद्धालुओं के मन को अध्यात्म से भर रही है। गुरुद्वारा पहली पातशाही, गुरुद्वारा छठी पातशाही सहित शहर के सभी प्रमुख गुरुद्वारों में विशेष दीवान सजाए गए हैं। रागी जत्थों द्वारा कीर्तन से वातावरण भक्तिमय हो गया है। संगत को गुरु के दिखाए मार्ग पर चलने, सत्य, सेवा और करुणा को जीवन में अपनाने की सीख दी जा रही है। दीप प्रज्ज्वलित कर गुरु साहिब के प्रकाशोत्सव को श्रद्धापूर्वक मनाया जा रहा है। गुरुद्वारों में लंगर की तैयारियों के बीच वाहेगुरु के जयकारे गूंज रहे हैं। हजारों की संख्या में संगत ने शिरकत की।