डीजल डलवाने के बाद जब सेल्समेन ने रुपये मांगने पर थार चालक तैश में आ गया और सेल्समेन को खिड़की पर घसीटता हुआ ले गया। आधा किलोमीटर घसीटने के बाद गोली मारने की धमकी देते हुए उसे झाडिय़ों में धकेल कर मौके से भाग गए। यह सारा वाकया पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया। पुलिस को दी शिकायत में जीटी रोड पर रतनगढ़ गांव के पास स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर सेल्समेन के पद पर कार्यरत सुखविंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार को शाम सवा सात बजे एक राजस्थान नंबर की काले रंग की थार जीप आई। जीप में बैठे दोनों युवकों ने जीप की टैंक फुल करवाते हुए तीन हजार 610 रुपये का डीजल डलवाया। सेल्समेन ने रुपये की मांग की तो दोनों युवक तैश में आ गए और ऑनलाइन रुपये कर देने की बात कहकर जीप को भगाने का प्रयास किया। रुपये प्राप्त न होने पर सेल्समेन जीप के आगे खड़ा हो गया। आरोपी युवकों ने जीप को भगाते हुए सेल्समेन को टक्कर मार दी और उसे आधा किलोमीटर तक घसीटने के बाद गोली मारने की धमकी देते हुए झाड़ियों में धक्क देते हुए भाग गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी व जीप के पंजीकरण नंबर के आधार पर आरोपी युवकों को पकड़ने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।