शारदीय नवरात्र का शुभारंभ सोमवार को श्रद्धा और भक्ति के माहौल में हुआ। पहले दिन श्री देवीकूप मां भद्रकाली मंदिर से भव्य शोभा यात्रा निकाली गई, जिसमें 5100 कलशधारी महिलाओं ने भाग लिया। मां की झांकियां शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण रहीं। मंदिर परिसर में उत्सव का उल्लास देखने लायक रहा। श्रद्धालु सुबह से ही लंबी कतारों में खड़े होकर मां के दर्शन करते रहे। हरियाणा के पर्यटन एवं सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने भी शक्ति पीठ पहुंचकर परंपरा अनुसार पूजा अर्चना की और माथा टेका। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र न केवल धार्मिक बल्कि पर्यटन की दृष्टि से भी विश्व में अपनी अलग पहचान रखता है। प्रदेश सरकार यहां पर्यटन विकास की दिशा में कई योजनाओं पर काम कर रही है। पूजा अर्चना के उपरांत पीठाधीश पंडित सतपाल ने मंत्री डॉ. शर्मा और पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा से परंपरागत विधि से पूजा करवाई। साथ ही मंत्री को स्मृति चिन्ह भी भेंट किया गया। नवरात्र उत्सव के पहले दिन मंदिर प्रशासन की ओर से विशेष तैयारियां की गई थीं, जिससे श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सके। उत्सव की शुरुआत ने श्रद्धालुओं में नई ऊर्जा और उत्साह भर दिया।