आखिरकार चार दिन बाद पुलिस की सीआईए एक की टीम ने लाडवा के नए बस अड्डे पर स्थित शराब ठेके पर व यमुनानगर के एक आईलेट्स सेंटर संचालक के घर पर गोलीबारी के मामले में देर शाम एक आरोपियों को सौंटी गांव के पास मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जैलपुर गांव निवासी अमन के रूप में हुई है। सौंटी गांव के जंगल के समीप हुई इस मुठभेड़ में बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी है। घायल अवस्था में बदमाश को लाडवा के नागरिक अस्पताल में उपचार के लिए लेकर गई, जहां से आरोपी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला नागरिक अस्पताल में रेफर कर दिया। सीआईए एक के प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान दोनों पक्षों की ओर से लगभग 10 से 12 राउंड गोलियां चलाई गईं। उन्होंने बताया कि टीम को सूचना मिली कि लाडवा में शराब ठेके पर गाेली चलाने वाला एक बदमाश बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सौंटी गांव के पास घूम रहा है। पुलिस ने नाकेबंदी कर आरोपी को रुकने का इशारा किया। आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस पर अंधाधुंध चार से पांच राउंड फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस की कार्रवाई में बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी। पुलिस ने मौके से बदमाशों के पास से एक पिस्तौल व कुछ जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है, जिन्हें जल्द ही काबू कर लिया जाएगा।