करनाल के माल रोड पर स्थित सिंचाई विभाग के सर्किल कार्यालय के बाहर हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर यूनियन के बैनर तले कर्मचारियों का धरना-प्रदर्शन 12वें दिन भी जारी है। कर्मचारी पिछले दो महीनों से वेतन न मिलने और कुरुक्षेत्र में 11 साल पहले हुए एक हादसे के मुआवजे की राशि न दिए जाने के मुद्दे पर आंदोलन कर रहे हैं। सर्व कर्मचारी संघ के जिला सचिव सेवाराम बड़सर ने बताया कि कर्मचारियों ने आज कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी से मुलाकात की। मंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि अगले चार से पांच दिनों में सभी कर्मचारियों का बकाया वेतन उनके खातों में जमा कर दिया जाए। सेवाराम ने कहा कि कैबिनेट मंत्री ने आश्वासन दिया है, लेकिन जब तक वेतन हमारे खातों में नहीं पहुंचता, हमारा धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। यूनियन ने प्रशासन को 14 जुलाई तक का अल्टीमेटम दिया था, लेकिन अभी तक मांगें पूरी नहीं हुई हैं। कर्मचारियों का कहना है कि वे अपनी मांगों के लिए एकजुट हैं और जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा।