नगर निगम की टीम शहर के बाजारों में अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाने पहुंची थी। इस दौरान दयालपुर गेट के पास स्थित आर्य मिष्ठान दुकान पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के समय दुकानदार और निगम टीम के बीच तीखी झड़प हो गई। नगर निगम अधिकारी मंदीप ने बताया कि नगर निगम आयुक्त के आदेशानुसार हर रविवार को अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जाता है। इसी कड़ी में जब टीम आर्य मिष्ठान दुकान पर पहुंची, जहां दुकान के बाहर सामान रखा हुआ था, तो दुकानदार ने निगम कर्मचारियों के साथ हाथापाई शुरू कर दी। इस दौरान एक निगम कर्मचारी को चोट लगी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर मौजूद पुलिस होमगार्ड के जवान ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन दुकानदार ने उसके साथ भी मारपीट की, जिससे जवान को भी चोटें आईं। घटना के बाद नगर निगम की टीम ने सिटी थाने में पहुंचकर दुकानदार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दुकानदार और निगम कर्मचारियों के बीच नोकझोंक और हाथापाई की स्थिति स्पष्ट दिख रही है। नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने कहा कि अतिक्रमण के खिलाफ अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा, और ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और भविष्य में अतिक्रमण करने वालों पर भारी जुर्माना लगाने की चेतावनी दी है।