वेतन न मिलने से नाराज नए पटवारियों ने गुरुवार को करनाल के लघु सचिवालय के बाहर धरना देकर जोरदार प्रदर्शन किया। त्योहारी सीजन के बावजूद वेतन न मिलने से आक्रोशित पटवारियों ने प्रशिक्षण अवधि के दौरान वेतन देने और प्रशिक्षण की अवधि को डेढ़ वर्ष से घटाकर एक वर्ष करने की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। द रेवेन्यू पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन के सदस्यों ने बताया कि जनवरी 2025 से 2605 नए पटवारी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में आयोजित पटवारियों के राज्यस्तरीय सम्मेलन में जनवरी में आश्वासन दिया था कि नए पटवारियों को प्रशिक्षण के पहले दिन से ही मानदेय के बजाय पूरा वेतन दिया जाएगा। हालांकि, कई महीनों बाद भी यह वादा पूरा नहीं हुआ, जिससे पटवारियों में रोष है।एसोसिएशन के नेताओं ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति प्रमाण पत्र बनवाने आता है, तो पटवारी उस पर हस्ताक्षर कर रहे हैं, लेकिन तहसीलों से जुड़े अन्य कार्यों से वे पूरी तरह दूरी बनाए हुए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें शीघ्र पूरी न हुईं, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।