ब्रह्मकुमारी आश्रम, सेक्टर 12 पार्ट-2 के शिलान्यास अवसर पर पहुंचे हरियाणा के मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि भारत एक आध्यात्मिक महाशक्ति है और इसे विश्व गुरु का दर्जा दिलाने के लिए हमें सही दिशा में काम करना होगा। उन्होंने अपने संबोधन में श्रीकृष्ण के उपदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि जिसका अंत:करण शुद्ध हो और जो प्रभु से सच्चा संबंध रखता हो, वह कुछ भी कर सकता है। इसी के साथ उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी देश के विकास और अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में लगे हुए हैं। वर्तमान में भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया में पांचवें स्थान पर है और इसे तीसरे स्थान तक पहुंचाने के लिए शांति और आध्यात्मिकता का मार्ग अपनाना आवश्यक है। उन्होंने ब्रह्मकुमारी संस्थान के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि, "जब हम आध्यात्मिक मूल्यों को अपने जीवन में अपनाते हैं, तो न केवल हमारा व्यक्तिगत जीवन बल्कि पूरा समाज और देश प्रगति करता है।" इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, ब्रह्मकुमारी संस्थान के पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। मंत्री राणा ने कहा कि देश के विकास में सभी नागरिकों की भूमिका अहम है और इसे प्राप्त करने के लिए हमें शांति का मार्ग अपनाना होगा। उन्होंने ब्रह्मकुमारी संस्थान के माध्यम से लोगों को जागरूक करने और आध्यात्मिक मूल्यों को अपनाने की अपील की।