कक्षा 10वीं और 12वीं में टॉप करके सफलता की अभी पहली सीढ़ी चढ़ी है पर सफल जिंदगी के लिए मंजिल अभी दूर है, इसके लिए दौड़ जारी रखें। इस सफलता की खुशी में यदि रफ्तार धीमी हुई तो सफलता दूर हो जाएगी। कुछ इस तरह से मेधावी विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए सम्मानित अतिथियों ने प्रेरित किया। मौका था अमर उजाला की ओर से आयोजित भविष्य ज्योति सम्मान समारोह का। जिसका आयोजन शनिवार को सेक्टर-8 के महाराजा अग्रसेन भवन में हुआ। कार्यक्रम में सीबीएसई और हरियाणा बोर्ड की कक्षा 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणाम में नाम रोशन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मेयर रेणू बाला गुप्ता और जिला शिक्षा अधिकारी रोहताश वर्मा ने शिरकत की। मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का आगाज किया गया, इसके बाद मेधावी विद्यार्थियों को मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। अतिथियों ने जीवन के अनुभव को सांझा करते हुए विद्यार्थियों को सही मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। मंच संचालन डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल की शिक्षिका नीशा शर्मा ने किया। साथ ही, कई तरह की रोचक और ज्ञानवर्धक खेल भी कराए।