मेरा गांव मेरा तीर्थ की ओर से महिला सम्मान समारोह का आयोजन तीन मार्च को साम्भली गांव में किया गया। जिसमें कुल 17 महिलाओं को सम्मानित किया गया और इनमें राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश व जिले का नाम रोशन करने वाली पांच महिला खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। इसमें किक बाक्सिंग की खिलाड़ी प्रियंका, बॉक्सिंग की खिलाड़ी दिक्षा व संध्या, एथलेटिक्स की खिलाड़ी तन्नू और गोला फेंक की खिलाड़ी प्रीती शामिल है। सभी खिलाड़ियों ने अपने-अपने खेल में स्वर्ण, रजत व कांस्य पदक अपने नाम किए हुए है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के ताैर पर पहुंची मेयर रेणु बाला गुप्ता ने शिरकत की और उन्होंने सभी महिलाओं को पटका व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। खिलाड़ी तन्नु ने अपना अनुभव सांझा करते हुए बताया कि उनका भाई अंकुश एक नेशनल खिलाड़ी रहा है। लेकिन किन्हीं कारणों से उनको गंभीर चोट लग गई थी, जिसके बाद वह आगे कभी नहीं खेल सका। अंकुश को खेलने का बहुत चाव था, देश के लिए पदक लाना चाहता था, पर अब वह पूरा नहीं हो सकता था। फिर इसके बाद तन्नु ने अपने भाई अंकुश के इस सपने को पूरा करने के लिए खेल के मैदान में उतर गई। 2023 में कालेज में दाखिला लिया और 2024 में मात्र एक साल के खेल में ही तीन पदक प्राप्त किये। मेयर रेणु बाला गुप्ता ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के दौर में महिलाएं हर एक क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही है। उन्होंने कहा कि पहले के समय में महिलाओं को घर से बाहर नहीं निकले दिया जाता था, लेकिन आज के समय में ऐसे नहीं है। आज के समय में महिलाएं घर से बाहर भी निकल रही है और देश, प्रदेश व जिले का नाम रोशन कर रही है।