श्री खाटू श्याम मंदिर में योगिनी एकादशी के अवसर पर बाबा के दर्शन करने के लिए श्रद्धालु सुबह से ही पहुंचने शुरू हो गए थे जो सिलसिला देर रात तक जारी रहा। शनिवार शाम श्री श्याम बाबा एकादशी कीर्तन मंडल की ओर से आयोजित संकीर्तन में बाबा की महिमा का गुणगान करते हुए कलाकार सोनिया शर्मा ने सुण लो कन्हैया बिनती हमारी, तारों न तारों ये मर्जी हुमारी और भरदे रे श्याम झाेली भरदे न बहलाओं बातों में भजन गाकर सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया। कलाकार विक्की शर्मा ने श्याम बाबा से जिनका संबंध है, उनके घर में आनंद ही आनंद है भजन गाकर बाबा की महिमा का गुणगान किया। कलाकार पंडित देवी दयाल शर्मा ने तुम्हारी कृपा से खाटू वाले हमारा जीवन महक रहा है,मिला है इतना तुम्हारे दर से, न कोई औकात न कोई हुनर है मुझमें प्यारे हुई कृपा जब से तुम्हारी ये खोटा सिक्का भी चल रहा है और बड़ी उम्मीद लेकर के तुम्हारे दर पे आया हूं तेरा ही आसरा है भजन गाकर सभी को भाव विभोर कर दिया। कलाकार कोमल गौरी ने तू खाटू बुलाता रहे और मैं आता रहूं, ओ बाबा इतनी कृपा मैं तेरी पाती रहूं भजन गाकर बाबा की महिमा का गुणगान किया। बाबा का शृंगार पंडित दीपक पांडे, उमेश पांडे और अनुपम त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर मंदिर के मुख्य सेवक देसराज गुप्ता, महेंद्र गुप्ता, पवन गुप्ता, अनिल गर्ग, राजेश गर्ग और रामकरण के साथ अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।