कैथल-कुरुक्षेत्र रोड पर गांव टीक के पास वीरवार सुबह कांवड़ियों से भरे एक टेंपो का अचानक टायर फट जाने से हादसा हो गया। टायर फटते ही टेंपो अनियंत्रित हो कर पलट गया, जिससे उसमें सवार कांवड़िये घायल हो गए। हादसे के समय टेंपो में करीब 15 कांवड़िये सवार थे, जो सभी सीवन क्षेत्र के रहने वाले हैं। हादसे में मोनू, रिंकू और धुरू को गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। वहीं अन्य कांवड़ियों को मामूली चोटें आई हैं, जिनका उपचार सिविल अस्पताल कैथल से छुट्टी देदी है। घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल कैथल लाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों की टीम ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। सिविल अस्पताल के चिकित्सक डॉ. हैप्पी सिंह ने बताया कि हादसे में तीन कांवड़ियों को गंभीर चोटें आने के कारण उन्हें पीजीआई रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों की हालत सामान्य है और उनका उपचार सिविल अस्पताल में जारी है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण टेंपो का टायर फटना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।