मौसम में बदलाव होने पर तीन दिन बाद अब धूप खिलने के बाद जिले की अनाज मंडियों में गेहूं की आवक बढ़ने लगी है। ऐसे में मंडियों में गेहूं की उठान का कार्य धीमा है। अभी केवल एजेंसी के ठेकेदारों की ओर से विस्तार अनाज मंडी में ही गेहूं की उठान का कार्य शुरू किया है। जबकि नई अनाज व पुरानी अनाज मंडी में आवक के अनुसार मंडियों में उठान नहीं हो रहा है। इस कारण आढ़तियों को मजबूरन सड़क पर गेहूं डलवाना पड़ा। इस प्रक्रिया के बाद मार्किट कमेटी ने आढ़तियों पर कार्रवाई शुरू की है। इस कार्रवाई के तहत रविवार को शहर की तीनों मंडियों के 12 आढ़तियों को नोटिस दिए गए थे। अब मार्किट कमेटी ने इन आढ़तियों को मंगलवार दोपहर से पहले तक का सड़क से गेहूं उठाने का समय दिया है। यदि आढ़तियों ने दोपहर से पहले गेहूं नहीं उठाया तो उनके लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी।