फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कैथल जवाहर पार्क में झूले, जिम उपकरण सफाई व्यवस्था चरमराई, नियमित देख रेख न होने से पार्क की स्थिति बदहाल

कैथल। शहर के पिहोवा चौक के पास स्थित प्रमुख जवाहर पार्क की स्थिति इन दिनों बदहाल होती जा रही है। पार्क में लगे बच्चों के झूले टूटे पड़े हैं, वहीं ओपन एयर जिम के उपकरण भी जर्जर अवस्था में पहुंच चुके हैं। कई उपकरणों पर जंग लग चुका है, जिससे वे उपयोग के लायक नहीं बचे हैं। पार्क में नियमित सफाई न होने के कारण जगह-जगह गंदगी भी फैली हुई है, जिससे सुबह और शाम सैर करने आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पार्क में रखरखाव की व्यवस्था पूरी तरह से लचर हो चुकी है। बच्चों के खेलने के लिए लगाए गए झूले या तो टूट चुके हैं या फिर उनमें भी जंग लग गए हैं। वहीं फिटनेस के लिए लगाए गए ओपन एयर जिम के कई उपकरण लंबे समय से खराब पड़े हैं, लेकिन उनकी मरम्मत नहीं करवाई जा रही है। अभय ने बताया कि वह रोज सुबह टहलने आते हैं, लेकिन अब पार्क में न तो ठीक से सफाई होती है और न ही उपकरण सही हालत में हैं। कई जगह गंदगी पड़ी रहती है, जिससे बदबू भी फैलती है और यहां सैर करने में असहज महसूस होता है। रमन ने कहा कि बच्चों के खेलने के लिए झूलों में जंग लगा हुआ है जिससे बच्चों को झूलों का इस्तेमाल नहीं करने दे सकते। ऐसे झूलों पर झूलने से चोट लगने का खतरा बढ़ जाता है। ओपन जिम के उपकरण भी जंग खा चुके हैं जिससे इन उपकरणों के सहारे व्यायाम करना आसान नहीं है। नगर परिषद को इस पर तुरंत ध्यान देना चाहिए। युवक सौरभ ने कहा कि फिटनेस के लिए लगाए गए उपकरणों का सही रखरखाव न होने से उनका उपयोग नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार और नगर परिषद की ओर से लाखों रुपये खर्च कर पार्क तो बनाए जाते हैं लेकिन बाद में उनकी देखभाल नहीं की जाती। जिससे पार्क की सुंदरता को भी ग्रहण लगता है। यहां फाउंटेन भी कई महीनों से नहीं चल रहा है। साथ ही इस पार्क में कुत्ते भी घूमते रहते हैं। लोगों का कहना है कि यदि पार्क की नियमित सफाई और मरम्मत की जाए तो यह फिर से एक अच्छा मनोरंजन और स्वास्थ्य केंद्र बन सकता है। प्रशासन से मांग है कि झूलों की मरम्मत, जिम उपकरणों की देखभाल और सफाई व्यवस्था को तुरंत सुधारा जाए। वर्जन नगर परिषद एमई ने बताया कि जल्द से जल्द इस पार्क में फैली अव्यवस्थाओं को ठीक करवाया जाएगा। ओपन एयर जिम के उपकरणों को भी ठीक करवा दिया जाएगा। यहां आने वाले लोगों को कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें