जिले की अनाज मंडियों में आवक में तेजी आने के बाद अब कुछ दिनों का सीजन शेष रह गया है। परंतु अभी तक मंडियों में गेहूं की उठान समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। इस कारण लगातार किसानों सहित आढ़तियों की परेशानी बढ़ रही है। बता दें कि पूरे जिले में अब तक चार लाख क्विंटल से अधिक की आवक हो चुकी है, लेकिन इसमें से महज एक लाख क्विंटल की ही उठान हो पाई है। उठान की समस्या का समाधान न होने की स्थिति में सोमवार को विस्तार व नई अनाज मंडी के आढ़तियों ने डीसी प्रीति से मुलाकात की। इस दौरान आढ़तियों ने डीसी से जल्द ही इस समस्या का समाधान करने की मांग की। वहीं, आढ़तियों का कहना था कि लगातार बारदाना की भी समस्या आ रही है। उन्होंने उठान में तेजी लाने की मांग पर डीसी को ज्ञापन सौंपा है।