कैथल में झमाझम बारिश से मौसम हुआ सुहावना, गर्मी से मिली राहत; सड़कों पर जलभराव से बढ़ी परेशानी कैथल: शहर में पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस की मार झेल रहे लोगों को बुधवार दोपहर हुई बारिश ने बड़ी राहत दी। दोपहर करीब 2:00 बजे आसमान में काले घने बादल छाने लगे और लगभग 2:30 बजे तेज बारिश शुरू हो गई। करीब एक घंटे तक हुई झमाझम बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम खुशनुमा हो गया। सड़कों और नीचले इलाकों में भरा पानी एक तरफ जहां बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से निजात मिली, वहीं दूसरी तरफ शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल भी खुल गई। महज एक घंटे की बारिश के चलते शहर के मुख्य मार्गों और चौक-चौराहों पर पानी जमा हो गया। शहर के निचले इलाकों में अधिक जलभराव होने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई जगह सड़कों पर पानी भरने से यातायात की गति भी धीमी पड़ गई।