आंगनबाड़ी वर्कर हेल्पर यूनियन 1442 के बैनर तले लघु सचिवालय में कार्यकर्ताओं की समस्याओं लेकर बैठक हुई। इस बैठक में आगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने उन पर क्रैच का और प्ले स्कूल के कार्य का भार जबरदस्ती थोपने का आरोप लगाया। बैठक की अध्यक्षता राज्य प्रधान कमलेश देवी ने की। राज्य प्रधान ने कहा कि सरकार की ओर से उन पर थोपा जा रहा अतिरिक्त कार्य बिल्कुल भी सहन नहीं किया जाएगा यदि सरकार आंगनबाड़ी केंद्र को क्रेच में बदलना ही चाहती है तो कार्यकर्ता को पूरा ग्रेड दिया जाए। इस पर न तो सरकार ने कोई पॉलिसी ही बनाई है ना ही सरकार ने जगह मुहैया कराई है। सारी जिम्मेदारी कार्यकर्ता के कंधे पर डाल दी है। सरकार ने प्ले स्कूल का कार्य भी धीरे-धीरे एनजीओ के तहत कर दिया है। इसका भी कार्यकर्ता पुरजोर विरोध करती है। मांंग करते हुए कहा कि जिस प्रकार कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जा रहा है, उस तर्ज पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को भी नियमित कर्मचारी घोषित किया जाए। सरकार ने ऑनलाइन काम करने के लिए कार्यकर्ताओं को फोन तो दिए हैं, लेकिन सिम नहीं दिया।