जिला मुख्यालय स्थित नागरिक अस्पताल में शनिवार को 14 वर्ष की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए निशुल्क एचपीवी वैक्सीन लगाई गई। इसकी शुरुआत सीएमओ डाॅ. सुमन कोहली ने की जबकि टीकाकरण में पीएमओ डाॅ. रघुवीर पूनिया, डिप्टी एमएस डाॅ. राजेश भोला भी मौजूद रहे। पहले दिन 50 से अधिक किशोरियों को वैक्सीन लगाई गई। इस दौरान सीएमओ डाॅ. सुमन कोहली ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की यह पहल केवल एक टीकाकरण कार्यक्रम नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ी को एक गंभीर और जानलेवा बीमारी से सुरक्षित करने की दिशा में व्यापक अभियान है। हर वर्ष सर्वाइकल कैंसर के मरीज सामने आते हैं। यदि समय रहते टीकाकरण करवाया जाए तो इस बीमारी से बचा जा सकता है। इसी सोच के साथ सरकार और स्वास्थ्य विभाग ने किशोरावस्था में ही सुरक्षा कवच देने की रणनीति बनाई है, क्योंकि इस उम्र में लगाया गया टीका सबसे ज्यादा असरदार माना जाता है। पीएमओ डाॅ. रघुवीर पूनिया ने कहा कि एचपीवी वायरस महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण माना जाता है। यह महिलाओं में होने वाले कैंसरों में प्रमुख स्थान रखता है। समय पर टीकाकरण से इस गंभीर बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। 30 वर्ष की उम्र के बाद इस बीमारी का खतरा बढ़ जाता है। यह अभियान बेटियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) टीकाकरण कार्यक्रम का उद्देश्य है।सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी को जड़ से रोका जाए। यह टीकाकरण पूरी तरह स्वैच्छिक होगा और 14 साल की आयु की लड़कियों को गवर्नमेंट हेल्थ सेंटर पर मुफ्त लगाया जाएगा। खास बात यह है कि हर वैक्सीनेशन सेंटर ट्रेंड मेडिकल अधिकारियों की निगरानी में होगा और टीका लगने के बाद जरूरी ऑब्जर्वेशन होगा।