डीआरडीए सभागार में रविवार को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत जन-जागरूकता एवं चेक वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने 13 लाभार्थियों को 5 लाख 85 हजार रुपये के सब्सिडी चेक वितरित किए। डॉ. मिड्ढा ने कहा कि सरकार अंत्योदय की भावना से कार्य कर रही है। पहले गरीब परिवारों को भारी बिजली बिलों की चिंता सताती थी, लेकिन अब छतों पर सोलर पैनल लगने से उन्हें मुफ्त और स्वच्छ बिजली मिल रही है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत 1.80 लाख रुपये तक की वार्षिक आय वाले परिवारों को 2 किलोवाट तक के पैनल पर केंद्र और राज्य सरकार की ओर से कुल 1.10 लाख रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है। खास बात यह है कि जरूरत से ज्यादा पैदा हुई बिजली को सरकार को बेचकर लाभार्थी अतिरिक्त आय भी कर सकेंगे। डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने बताया कि पात्र व्यक्ति पोर्टल के माध्यम से या बिजली विभाग में संपर्क कर इस योजना का लाभ ले सकते हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में डॉ. मिड्ढा के निवास पर निशुल्क रक्त जांच शिविर और यज्ञ-हवन का भी आयोजन किया गया, जिसमें लोगों को बीपी व शुगर जांच किट बांटी गईं। इस मौके पर बिजली विभाग के चीफ इंजीनियर आरके सभ्रवाल सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।