बारिश के बाद शहर में जलभराव वाली जगहों का निरीक्षण करने विधायक देवेंद्र चतरभुज अत्री के निर्देश पर एसडीएम दलजीत सिंह ने विभिन्न जगहों का निरीक्षण किया। विभिन्न विभागों के अधिकारी इस दौरान मौजूद रहे। रेलवे रोड पर हरियाली बाजार के पास भरे बारिश के पानी का जायजा लेने पहुंचे एसडीएम को लोगों ने बताया कि यहां पर बारिश के बाद जलभराव की समस्या होती है। सड़क से गलियों का लेबल ऊंचा होने के चलते जलभराव रहता है। यहां पर सड़क निर्माण नए सिरे से होने के बाद ही इस समस्या का स्थाई समाधान हो सकता है। बारिश के 24 घंटे के बाद भी जलभराव है। एसडीएम ने जन स्वास्थ्य विभाग एसडीओ को निर्देश दिए कि यहां पर जलभराव की निकासी का प्रबंध कर पानी की निकासी करवाए। ये रास्ता शहर एवं बस स्टैंड पर जाने वाला प्रमुख रास्ता है। नगर पालिका जेई सत्यवान ने बताया कि पानी निकासी को लेकर करीब 7 बोरिंग हॉल का टेंडर होना है। ये फाइल एक्सईएन के पास गई है। एसडीएम ने कहा कि इसको लेकर वो बात करेंगे क्योंकि बोरिंग हॉल के टेंडर बारिश के मौसम से पहले लगना चाहिए ताकि जहां पानी निकासी की समस्या हो वो दूर हो सकें। एसडीएम को दुकानदारों ने बताया कि बारिश के बाद जलभराव होने से दुकानों के अंदर ग्राहक की बजाए पानी आ जाता है। तेज बारिश के अगले दिन तक जलभराव रहता है।