केंद्रीय ट्रेड यूनियन के आह्वान पर हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा ने राष्ट्रव्यापी हड़ताल का समर्थन किया। वीरवार को केंद्र और राज्य सरकार की कर्मचारी, मजदूर व विभाग विरोधी नीतियों के खिलाफ दो घंटे विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान अनूप लाठर, श्रीभगवान लाठर और अशोक गोरिया ने बताया कि केंद्र सरकार पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए कर्मचारी व मजदूर विरोधी श्रम कानून को लागू कर रही है जो पूरी तरह कर्मचारी एवं मजदूर विरोधी हैं। कर्मचारी एवं मजदूरों के काम के घंटे को भी आठ से बढ़ाकर 12 घंटे किए जा रहे हैं। यूनियन बनाने के अधिकार को छीना जा रहा है, कर्मचारियों के हकों का हनन किया जा रहा है। इसी प्रकार कर्मचारियों को 58 साल तक विभाग में ईमानदारी से सेवा करने के बाद भी नाम मात्र की पेंशन दी जा रही है जबकि देश व प्रदेश के सांसद, विधायक, मंत्री, चार-चार पेंशन ले रहे हैं जो कर्मचारी के साथ घोर अन्याय हो रहा है। दूसरी और प्रदेश सरकार छात्र, छात्राओं एवम आम व्यक्ति की पसंद सुरक्षित एवं सस्ती परिवहन सेवा का निजीकरण करके पूंजीपतियों के हवाले कर रही हैं। योजना की ठेके की इलेक्ट्रिक बसों व ठेके की किलोमीटर स्कीम की बसों को रोडवेज में बिना मांग के महंगी दरों पर ठेके पर लेकर लगातार शामिल किया जा रहा है, जिससे रोडवेज विभाग में घाटा लगातार बढ़ रहा है। रोडवेज में सेवानिवृति के कारण चालक, परिचालकों की बहुत कमी हो गई है, इसी प्रकार बसों की मरम्मत करने, सफाई, धुलाई करने वाले कर्मचारियों की भी बहुत कमी हो गई है जिस कारण बसें वर्कशॉप में खड़ी रहती हैं जिससे आम जनता को परिवहन सेवा से वंचित होना पड़ रहा है। इस अवसर पर राममेहर रेढू, जितेंद्र लाठर, सोमबीर जांगड़ा, अनिल शर्मा और सुदर्शन लाठर, संदीप रंगा, अजीत नेहरा, नीतीश शर्मा, राजकुमार रधाना, बलकार रेढू, पवन मलिक मौजूद रहे।