अमर उजाला फाउंडेशन की तरफ से वुड स्टॉक पब्लिक स्कूल में वीरवार को पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों को नशा मुक्ति, साइबर ठगी से बचाव और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल के उपनिदेशक आशुतोष शर्मा ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में डीएसपी संदीप सिंह उपस्थित रहे। डीएसपी संदीप सिंह ने कहा कि आज के समय में युवाओं को सबसे अधिक खतरा नशे और साइबर अपराध से है। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि नशा न केवल स्वास्थ्य को खराब करता है, बल्कि परिवार और समाज दोनों को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वह खुद नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें। साइबर ठगी के विषय में जानकारी देते हुए डीएसपी ने बताया कि आजकल ठग नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वह किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी या बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें और लालच भरे ऑफर से सतर्क रहें। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी बरतकर साइबर अपराधों से बचा जा सकता है। यातायात नियमों पर उन्होंने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है और इससे कई हादसों को रोका जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने डीएसपी संदीप सिंह और नशा मुक्ति टीम के इंचार्ज नरेश ढांडा से विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे, जिनका उन्होंने जवाब दिया। इस संवाद से विद्यार्थियों में जागरूकता और समझ बढ़ी।