राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में सोमवार को प्लेसमेंट कैंप आयोजित हुआ। प्राचार्य नरेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस कैंपस ड्राइव में ऑटोमोबाइल क्षेत्र की अग्रणी कंपनी हीरो मोटोकॉर्प, नीमराना (राजस्थान) ने शिरकत की। इसमें 39 प्रशिक्षुओं का चयन किया गया। प्लेसमेंट कैंपस के दौरान विभिन्न तकनीकी ट्रेडों के कुल 78 छात्रों ने अपना पंजीकरण करवाया। कंपनी के प्रतिनिधियों द्वारा सबसे पहले लिखित परीक्षा आयोजित की गई, जिसके बाद साक्षात्कार का दौर चला। पूरी चयन प्रक्रिया पारदर्शी और योग्यता पर आधारित रही। कड़े मापदंडों को पार करते हुए अंतिम रूप से 39 अभ्यर्थियों ने अपनी जगह बनाई। कंपनी की भर्ती टीम ने चयनित उम्मीदवारों को जानकारी दी कि प्रशिक्षण अवधि के दौरान उनके प्रदर्शन के आधार पर वेतन वृद्धि और भविष्य में करियर उन्नति के शानदार अवसर दिए जाएंगे। प्राचार्य नरेश कुमार ने कहा संस्थान का प्राथमिक लक्ष्य केवल तकनीकी शिक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि युवाओं को उनके पैरों पर खड़ा करना भी है। ऐसे कैंपस विद्यार्थियों को सीधे औद्योगिक वातावरण से जोड़ते हैं और उनके आत्मविश्वास में वृद्धि करते हैं। इस अवसर पर प्लेसमेंट शाखा के वर्ग अनुदेशक सोनू राम, शिक्षुता शाखा से ललित खटकड़, मनदीप राज मौजूद रहे।