जींद। राजस्व विभाग के नए पोर्टल में तकनीकी खामियों और डिजिटल फसल सर्वेक्षण की व्यवस्था के विरोध में राजस्व पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन का सांकेतिक धरना सोमवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। पटवारी और कानूनगो पटवार भवन में एकत्रित हुए और मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कर्मचारियों के काम से दूर रहने का सीधा असर राजस्व सेवाओं पर पड़ा। इसके कारण इंतकाल, डोमिसाइल और गिरदावरी से जुड़े काम के लिए 100 से अधिक लोग कार्यालय पहुंचे, लेकिन कर्मचारियों के हड़ताल पर होने के कारण उन्हें बिना काम करवाए वापस लौटना पड़ा। एसोसिएशन के जिला प्रधान सर्वेश पटवारी, सचिव विकास पटवारी और राज्य कोषाध्यक्ष सन्नी पटवारी ने कहा कि जमाबंदी और इंतकाल के लिए शुरू किए गए नए पोर्टल में रिकॉर्ड संबंधी गड़बड़ियों के साथ कई तकनीकी समस्याएं सामने आ रही हैं। इससे कर्मचारियों के साथ आम लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। पिछले सप्ताह वीरवार से जारी विरोध के कारण लोग लगातार पटवार भवन के चक्कर काट रहे हैं। राज्य कोषाध्यक्ष सन्नी पटवारी ने बताया कि ई-गिरदावरी के साथ डिजिटल फसल सर्वेक्षण भी कराया जाना है, लेकिन कर्मचारियों को इसके लिए टैब उपलब्ध नहीं करवाए गए हैं। वहीं फोटो लेने के लिए 20 मीटर की निर्धारित सीमा को उन्होंने अव्यावहारिक बताया। एसोसिएशन ने नए पोर्टल की खामियां दूर करने, गलत ऑटो म्यूटेशन होने पर आईटी विभाग की कानूनी जिम्मेदारी तय करने, तहसीलों में कंप्यूटर सिस्टम व सर्वेक्षण के लिए टैब उपलब्ध कराने तथा डिजिटल फसल सर्वेक्षण निजी एजेंसी से करवाने की मांग की। कर्मचारियों ने कहा कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।