कस्बे की नगरपालिका के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल मंगलवार को 13वें दिन भी जारी रही। कर्मचारियों ने नगरपालिका कार्यालय के बाहर धरना देते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अपनी मांगों को लेकर कर्मचारियों में रोष बना हुआ है। प्रदर्शन के दौरान सफाई कर्मचारियों ने करीब दो घंटे के लिए नगरपालिका कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। इससे कार्यालय में आने वाले अधिकारी और कर्मचारियों को बाहर ही खड़े रहने के लिए मजबूर होना पड़ा। सफाई कर्मचारियों ने कहा कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर सरकार और प्रशासन से बातचीत कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों को लेकर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। हड़ताल के कारण कस्बे में सफाई व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बाजार और रिहायशी क्षेत्रों में नियमित सफाई नहीं होने से गंदगी बढ़ती जा रही है। बारिश के मौसम में गंदगी के कारण बीमारी फैलने की आशंका भी बनी हुई है। कर्मचारियों ने सरकार से मांग की कि उनकी मांगों पर जल्द बातचीत कर समाधान निकाला जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वहीं, कार्यालय गेट पर ताला लगाए जाने से करीब दो घंटे तक नगरपालिका कार्यालय का कामकाज प्रभावित रहा।