श्रावण माह के दूसरे सोमवार दस अगस्त को शहर के ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल रानी तालाब पर भक्ति और आस्था की भव्य शाम सजेगी। इस अवसर पर भगवान भोलेनाथ की भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा, साफ-सफाई, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आयोजकों ने डीसी जींद एवं संबंधित अधिकारियों के साथ रानी तालाब का दौरा किया और मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान महाआरती में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक प्रबंधों की समीक्षा की गई। महाआरती के दौरान प्रसिद्ध हरियाणवी गायक मासूम शर्मा अपनी शानदार प्रस्तुति देंगे। उनकी प्रस्तुति से धार्मिक आयोजन में भक्ति और संगीत का रंग और गहरा होगा। आयोजकों ने जींदवासियों से अपील की है कि वे अपने परिवार के साथ इस पावन आयोजन में शामिल हों और भगवान भोलेनाथ की महाआरती में भाग लेकर उनका आशीर्वाद प्राप्त करें। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में भी उत्साह बना हुआ है।