भाजपा के वरिष्ठ नेता कुलदीप बिश्नोई रविवार को जींद पहुंचे। उनके सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा का झंडा या पार्टी से जुड़ी कोई खास पहचान नजर नहीं आई। कार्यक्रम को मुख्य रूप से भजनलाल परिवार से जुड़े जिले के लोगों के लिए आयोजित किया गया था। इसमें कुलदीप बिश्नोई के साथ भाजपा विधायक रणधीर पनिहार भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में जिलेभर से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और समर्थकों में खासा उत्साह दिखाई दिया। कार्यक्रम के दौरान कुलदीप बिश्नोई के समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की। कुछ कार्यकर्ताओं ने उन्हें ‘भावी सीएम’ बताते हुए नारे भी लगाए। इससे कार्यक्रम के राजनीतिक मायने और चर्चा में आ गए। हालांकि मंच से इस तरह की किसी राजनीतिक घोषणा या भविष्य की भूमिका को लेकर कोई स्पष्ट संकेत नहीं दिया गया। कार्यक्रम में पहुंचे लोगों से कुलदीप बिश्नोई ने बातचीत भी की और कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया। समर्थकों की बड़ी मौजूदगी और उनके बीच दिखाई दिए जोश को देखकर राजनीतिक हलकों में इसे कुलदीप बिश्नोई को प्रदेश की राजनीति में भविष्य में और मजबूत करने की संभावित रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा रही कि आने वाले समय में कुलदीप बिश्नोई की राजनीतिक सक्रियता बढ़ सकती है। कार्यक्रम में भाजपा का औपचारिक स्वरूप नहीं होने के बावजूद पार्टी के विधायक की मौजूदगी और बड़ी संख्या में भाजपा समर्थकों के पहुंचने से इसे राजनीतिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है।