संवाद न्यूज एजेंसी जींद। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) जिले के छह परीक्षा केंद्रों पर रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हुई। परीक्षा को निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। परीक्षा केंद्रों के बाहर पुलिस बल तैनात रहा और प्रत्येक परीक्षार्थी की गहन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। परीक्षा के दौरान एसडीएम सत्यवान मान ने जिले के सभी छह परीक्षा केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्रों पर सुरक्षा, यातायात और अभ्यर्थियों की सुविधाओं का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसडीएम ने परीक्षा केंद्रों के बाहर मौजूद अभिभावकों और परीक्षार्थियों से भी बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। प्रशासन की तत्परता उस समय देखने को मिली जब कुछ परीक्षार्थी निर्धारित परीक्षा केंद्र की जानकारी नहीं होने के कारण भटक गए। समय कम होने के चलते उनके परीक्षा छूटने की आशंका थी। ऐसे में एसडीएम सत्यवान मान ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए विद्यार्थियों को अपनी सरकारी गाड़ी में बैठाकर संबंधित परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया। इससे अभ्यर्थियों को समय पर परीक्षा में शामिल होने में मदद मिली और उनके चेहरे पर राहत दिखाई दी। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की पहचान पत्र और एडमिट कार्ड की जांच की गई। इसके साथ ही मेटल डिटेक्टर और अन्य सुरक्षा उपायों के माध्यम से तलाशी लेकर ही अंदर जाने की अनुमति दी गई। इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों, मोबाइल फोन और अन्य प्रतिबंधित सामग्री को परीक्षा केंद्रों में ले जाने पर पूरी तरह रोक रही। जिला प्रशासन की ओर से परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात व्यवस्था को भी सुचारू रखा गया, जिससे परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। स्वास्थ्य विभाग की टीमों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया था, जबकि एंबुलेंस और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। अभ्यर्थियों और अभिभावकों ने भी प्रशासन द्वारा किए गए प्रबंधों की सराहना की और कहा कि बेहतर व्यवस्थाओं के कारण परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था देखने को नहीं मिली।