एचएसईबी वर्कर्स यूनियन का कार्यकारी अभियंता विकास मलिक के खिलाफ वीटा प्लांट के पास चल रहा धरना 16वें दिन भी जारी रहा। धरने की अध्यक्षता यूनिट प्रधान हरिओम ने की। मंच संचालन यूनिट सचिव धर्मवीर बैरागी ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जींद डिविजन के कार्यकारी अभियंता विकास मलिक द्वारा लगातार कर्मचारियों को प्रताड़ित किया जा रहा है। उसके द्वारा उपमंडल अधिकारी पर दबाव बनाकर कर्मचारियों को अनुपस्थित दर्शाया जाता है। जबकि कनिष्ठ अभियंता इंचार्ज द्वारा उपस्थित का सर्टिफिकेट जारी किया जाता है। गलत तरीके से दबाव बनाकर कर्मचारियों का वेतन रोका जाता है। उपमंडल अधिकारियों को दरकिनार करके बेवजह कर्मचारी को तंग किया जा रहा है। सभी कर्मचारियों ने मिलकर बुधवार को कार्य स्थगित रखने का फैसला लिया है।