जिले में गैस सिलिंडर वितरण व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। शहर में तीन एजेंसियों के पास सोमवार को गैस सिलिंडर नहीं पहुंचे। इसके कारण मंगलवार को सुबह ही उपभोक्ताओं की लाइन शहर की तीनों एजेंसियों पर लग गई। उपभोक्ता सुमन, राममेहर, सुभाष, नरेश ने बताया कि वह सुबह पांच बजे से लाइन में लगे हैं। उनको अब पता लगा है कि गाड़ी दोपहर तक पहुंचेगी। सोमवार को भी उनको सिलिंडर नहीं मिला था। इसके कारण उनको काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हुड्डा ग्राउंड में पारस गैस एजेंसी के माध्यम से सिलिंडर वितरित किए जाते हैं, लेकिन पिछले कई दिनों से वितरण व्यवस्था पूरी तरह ठप नजर आ रही है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि न तो सिलिंडर की पर्याप्त सप्लाई है और न ही वितरण को लेकर कोई ठोस व्यवस्था बनाई गई है। ऐसे में लोगों को रोजाना घंटों लाइन में लगने के बावजूद खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।