जेजेपी के स्थापना दिवस पर जुलाना में आयोजित रैली में पूर्व डिप्टी मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला और पार्टी संरक्षक अजय चौटाला के पहुंचने के बावजूद भीड़ उम्मीद के अनुसार नहीं जुट पाई। कार्यक्रम स्थल पर जोश और माहौल गर्माने की पूरी कोशिश की गई, लेकिन ग्राउंड में लगी लगभग 25 प्रतिशत कुर्सियां खाली नजर आईं। रैली के लिए पार्टी ने बड़े स्तर पर तैयारियां की थीं और नेताओं ने इसे पार्टी की दिशा और भविष्य को तय करने वाला महत्वपूर्ण कार्यक्रम बताया था। मंच पर दुष्यंत चौटाला, अजय चौटाला सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। नेताओं ने अपने संबोधन में आगामी राजनीति, संगठनात्मक मजबूती और प्रदेश के हालात को लेकर जमकर बयान दिए। दुसरी ओर, कार्यकर्ताओं में उत्साह तो दिखा, लेकिन भीड़ संग्रहण में पार्टी पिछड़ती नजर आई। स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं की जुटान को लेकर पार्टी ने खास रणनीति बनाई थी, जिसके बावजूद अपेक्षित संख्या में लोग नहीं पहुंचे। ग्रामीण इलाकों में कार्यक्रम के बारे में प्रचार-प्रसार कम होने और मौसम में हल्की ठंड बढ़ने का भी असर भीड़ पर पड़ा। रैली स्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि दुष्यंत चौटाला और अजय चौटाला के पहुंचने के बाद माहौल जरूर जोश से भर गया, लेकिन खाली कुर्सियों ने यह संकेत दे दिया कि जमीन पर पार्टी को अभी और मेहनत करने की जरूरत है।