शहर में हैबतपुर गांव के पास बन रहे मेडिकल कॉलेज में अगस्त महीने में ओपीडी शुरू हो जाएगी। इसका जींद के साथ-साथ दूसरे जिलों के लोगों को भी बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी। वहीं 26 अगस्त को प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी जींद आएंगे। उम्मीद है कि उनके द्वारा ही मेडिकल कॉलेज में ओपीडी का शुभारंभ करवाया जाएगा। यह बात डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने वीरवार को लोक निर्माण विश्राम गृह में जनता दरबार लगाकर लोगों की शिकायत सुनते हुए कही। उन्होंने कहा कि डी प्लान के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में 78 कार्यों के लिए लगभग चार करोड़ रुपये की राशि जारी हुई है। इन कार्यों के पूरा होने पर ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्र के लोगों को लाभ पहुंचेगा। ग्रामीण क्षेत्र में डेढ़ करोड़ तो शहरी क्षेत्र में अढ़ाई करोड़ से अधिक के विकास कार्य होंगे। जनता दरबार में कुल 55 के करीब लोगों की शिकायतें आई। इनमें 25 शिकायतों का निमटान कर दिया वहीं अन्य शिकायतों के समाधान को लेकर अधिकारियों को निर्देश देकर जल्द समाधान करने को कहा। उन्होंने कहा कि अधिकारी आमजन की शिकायतों को गंभीरता से लें। जनता दरबार में मोहनगढ़ गांव निवासी सेवा ने गली का लेवल ठीक करने बारे और गंदे पानी की निकासी करवाने बारे शिकायत दी। अशरफगढ़ निवासी रामनिवास ने बिजली शिकायत पर कर्मचारी लगाने बारे शिकायत रखी। इसी प्रकार गांव निडाना के धर्मपाल, रिसाला ने भी बिजली का खंभा सीधा करने बारे शिकायत दी। शिवपुरी कॉलोनी के दीपक ने नरवाना रोड और सीवरेज व्यवस्था को दुरूस्त करने बारे शिकायत दी।