नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर मंगलवार को नगर परिषद बहादुरगढ़ में कर्मचारियों ने सुबह 9 से 11 बजे तक तालाबंदी कर कामकाज ठप रखा। इस दौरान नगर परिषद के अधिकारी और कर्मचारी कार्यालय से बाहर रहे। कर्मचारियों ने परिषद गेट पर प्रदर्शन किया और इसके बाद लाल चौक पर निकाय मंत्री विपुल गोयल का पुतला दहन करने की घोषणा की। कर्मचारियों की राज्यव्यापी हड़ताल का मंगलवार को 13वां दिन रहा। कर्मचारी नेताओं का कहना है कि 6 अगस्त से शुरू हुई हड़ताल को सरकार की ओर से मांगों पर कोई ठोस पत्र जारी नहीं किए जाने और बातचीत के लिए नहीं बुलाए जाने के कारण आगे बढ़ाया गया है। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में 13 मई 2026 को सफाई कर्मचारियों व अग्निशमन विभाग के साथ हुए समझौते को लागू करना, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना, ठेका प्रथा बंद करना, हाईकोर्ट व सुप्रीम कोर्ट के फैसलों को लागू करना, एचकेआरएन को भंग करना तथा 17 मांगों पर बनी सहमति के पत्र जारी करना शामिल है। बहादुरगढ़ इकाई के प्रधान राजेश बालगुहेर की अध्यक्षता और सचिव अमित के मंच संचालन में प्रदर्शन हुआ। जिला प्रधान राजेंद्र तूषामड समेत कर्मचारी संघ के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।