स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शहर में तिरंगा यात्रा में ऐतिहासिक नजारा देखने को मिला। डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल की अगुवाई में शहीद स्मारक से शुरू हुई विशाल तिरंगा यात्रा ने पूरे शहर को राष्ट्रप्रेम और एकता के रंग में रंग दिया। इस भव्य आयोजन में शहर के मार्ग तिरंगे के रंगों से सज उठे, और देशभक्ति के गीतों और “भारत माता की जय” के नारों से वातावरण गूंज उठा। डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल के नेतृत्व में शहीद स्मारक पर तिरंगा यात्रा की शुरुआत में जिला प्रशासन के अधिकारियों ने वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनकी शहादत को नमन किया। इसके बाद यात्रा भगत सिंह चौक पर पहुंची, जहां भगत सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। तिरंगा यात्रा के दौरान छिकारा चौक पर कैप्टन छिकारा की प्रतिमा पर सम्मानपूर्वक पुष्प अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद आंबेडकर चौक पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई।