बहादुरगढ़ क्षेत्र में सांखोल-बराही रोड की हालत इन दिनों बेहद खराब हो चुकी है। सड़क कई जगह से पूरी तरह टूट चुकी है और जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर रात के समय गड्ढे दिखाई नहीं देने के कारण हादसों का खतरा और भी बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस सड़क से रोजाना बड़ी संख्या में ग्रामीण और कामकाजी लोग गुजरते हैं, लेकिन लंबे समय से इसकी मरम्मत नहीं करवाई गई। कई दोपहिया वाहन चालक गड्ढों में फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत करवाई जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके और संभावित हादसों को रोका जा सके।