नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा, जो सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा से संबंधित है, के आह्वान पर नगर परिषद बहादुरगढ़ के कच्चे और पक्के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल रविवार को तीसरे दिन भी जारी रही। हड़ताल की अध्यक्षता इकाई प्रधान राजेश बालगुहेर ने की, जबकि मंच संचालन सचिव अमित ने किया। कर्मचारियों ने अपनी प्रमुख मांगों में सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट के 23 व 31 दिसंबर 2025 के आदेशों के अनुसार 5 से 10 साल की सेवा पूरी कर चुके कर्मचारियों को स्थायी करने, ठेका प्रथा समाप्त करने और पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग दोहराई। इसके साथ ही कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने और लंबित मांगों पर सरकार से जल्द निर्णय लेने की अपील की गई। हड़ताल के दौरान कर्मचारियों ने अग्निशमन विभाग फरीदाबाद में शहीद हुए कर्मियों को श्रद्धांजलि दी और उनके परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये मुआवजा व एक सरकारी नौकरी देने की मांग उठाई। वहीं झज्जर में भूख हड़ताल के दौरान एक कर्मचारी की मौत पर भी शोक व्यक्त करते हुए 50 लाख रुपये मुआवजा और नौकरी देने की मांग की गई। हड़ताल को विभिन्न इकाइयों और ठेका कर्मचारियों का भी समर्थन मिल रहा है, जिससे आंदोलन और तेज होने के संकेत हैं।