नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा से संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर प्रदेशभर में चल रही सफाई कर्मचारियों की राज्यव्यापी हड़ताल का आज सातवां दिन है। बहादुरगढ़ नगर परिषद में भी कर्मचारी मांगों को लेकर धरने पर डटे हुए हैं। कर्मचारियों ने 13 मई 2026 के सफाई कर्मचारी एवं अग्निशमन विभाग के साथ हुए समझौते को लागू करने, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, ठेका प्रथा समाप्त करने, हाईकोर्ट व सुप्रीम कोर्ट के फैसलों को लागू करने तथा एचकेआरएन को भंग करने की मांग उठाई है। कर्मचारियों का कहना है कि सरकार के साथ 17 मांगों पर सहमति बनने के बावजूद अभी तक मांगों से संबंधित लिखित पत्र जारी नहीं किया गया और न ही संगठन को बातचीत के लिए बुलाया गया। 6, 7 और 8 अगस्त से शुरू हुई हड़ताल को पहले 9 से 11 अगस्त तक बढ़ाया गया था। इसके बाद संगठन ने आंदोलन को 15 अगस्त तक बढ़ाने का निर्णय लिया। बहादुरगढ़ इकाई के प्रधान राजेश बालगुहेर की अध्यक्षता और सचिव अमित के मंच संचालन में कर्मचारी आंदोलन जारी रखे हुए हैं। इस दौरान जिला व इकाई पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी मौजूद रहे और सरकार से जल्द मांगें लागू करने की मांग की।