नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा एवं सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर प्रदेशभर में चल रही राज्यव्यापी हड़ताल मंगलवार को 20वें दिन भी जारी रही। नगर परिषद बहादुरगढ़ में धरने पर बैठे कच्चे व पे-रोल सफाई कर्मचारियों को ठेके पर कार्यरत सफाई कर्मचारियों का भी समर्थन मिला। सैकड़ों कर्मचारी हड़ताल में शामिल हुए। कर्मचारियों ने 13 मई 2026 को सफाई कर्मचारियों और अग्निशमन विभाग के बीच हुए समझौते को लागू करने, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, ठेका प्रथा समाप्त करने, हाईकोर्ट व सुप्रीम कोर्ट के फैसलों को लागू करने और एचकेआरएन को भंग करने की मांग उठाई। कर्मचारियों ने सरकार और यूनियन नेताओं के बीच 17 मांगों पर बनी सहमति के पत्र जारी करने की भी मांग की। हड़ताल की अध्यक्षता बहादुरगढ़ इकाई प्रधान राजेश बालगुहेर ने की, जबकि मंच संचालन सचिव अमित ने किया। जिला प्रधान राजेंद्र तुषामड़ सहित यूनियन पदाधिकारियों और सफाई कर्मचारियों ने धरने को संबोधित किया। कर्मचारियों ने कहा कि 6 अगस्त से लगातार हड़ताल के बावजूद सरकार की ओर से न तो कोई पत्र जारी किया गया है और न ही बातचीत के लिए बुलाया गया है।