सफाई कर्मचारियों की हड़ताल मंगलवार को 27वें दिन भी जारी रही। नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर नगर परिषद बहादुरगढ़ के गेट के सामने कर्मचारियों ने हरियाणा सरकार का पुतला फूंककर रोष जताया। इस दौरान कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कर्मचारी नेताओं ने आरोप लगाया कि मांगों को लेकर हुई बैठक के दौरान उनके साथ कथित तौर पर बदसलूकी की गई। इसी के विरोध में कर्मचारियों ने प्रदर्शन करते हुए सरकार के रवैये पर नाराजगी जताई। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में कच्चे सफाई कर्मचारियों को पक्का करना, ठेका प्रथा समाप्त करना और 13 मई को कर्मचारियों के साथ हुए समझौते को जल्द लागू करना शामिल है। हड़ताल के कारण शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों ने कहा कि जनता से उनकी कोई लड़ाई नहीं है। उनका आंदोलन सरकार की नीतियों के खिलाफ है। कर्मचारियों का दावा है कि सरकार उनकी मांगें मान लेती है तो वे महज दो घंटे में शहर की सफाई व्यवस्था को पटरी पर ला सकते हैं। कर्मचारी नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार बार-बार आश्वासन देती है, लेकिन बाद में अपने वादों से पीछे हट जाती है। उन्होंने कहा कि इस बार कर्मचारी आर-पार की लड़ाई के लिए तैयार हैं।