नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर शनिवार को नगर परिषद के कच्चे सफाई कर्मचारी हड़ताल पर रहे। इस कारण शहर की सफाई व्यवस्था दूसरे दिन भी चरमराई रही। शहर के मुख्य मार्गों व कालोनियों पर कूडे़ के ढेर लगे नजर आए। शहर के बीकानेर चौक, रेवाड़ी रोड, शहर के मुख्य बाजार, पुराना बस अड्डा रोड, पुराना बर्फखाना रोड पर कूडे़ के ढेर नजर आए। इससे दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। नगर परिषद में सफाई कर्मचारी धरने पर बैठे। इसकी अध्यक्षता इकाई प्रधान शिवम चावरिया ने की व मंच का संचालन सचिव विकास उज्जैनवाल ने किया। उन्होंने बताया कि मुख्य मांगों में 23 दिसंबर 2025 और 31 दिसबर 2025 को जो सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट का आदेश आया है। इसके तहत जिनको 5 साल या 10 साल हो गए हैं, उनको सरकार पक्का करे। ठेका प्रथा बंद करें। पुरानी पेंशन बहाल करें। कच्चे कर्मचारियों को पक्का करे और अन्य सभी मांगों के लेटर सरकार जारी करें। अग्निशमन विभाग फरीदाबाद में हुए शहीदों का दर्जा, एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, परिवार में एक सरकारी नौकरी देने की मांग की। इसके अलावा झज्जर जिले 27 अप्रैल को भूख हड़ताल पर बैठे पालिका रोल सफाई कर्मचारी राजेश की मौत के मामले में 50 लाख रुपये मुआवजा और एक सरकारी नौकरी दी जाए। जिला सचिव गौरव टॉक, सह सचिव बबली, इकाई ऑडिटर कृष्णा, महिला उपप्रधान कमलेश, महिला प्रधान रामरति, प्रचार सचिव मनीषा, सुनीता, संदीप, सोनू, विजय, विकास, सुरेश, नरेंद्र मौजूद रहे।