लघु सचिवालय पार्क में ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की हड़ताल व धरना सातवें दिन भी जारी रहा। इसकी अध्यक्षता संदीप कुमार मारौत ने की। इस दौरान बादली से कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स, कांग्रेस जिला कार्यकारिणी सदस्य व अन्य कांग्रेसी समर्थन के लिए पहुंचे। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि सरकार को ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की मांगों को पूरा करना चाहिए। यह उचित मांग कर रहे हैं। पिछले दिनों नगर परिषद के सफाई कर्मचारी की भी मृत्यु हो गई थी। उसकी सहायता भी सरकार को करनी चाहिए। इस अवसर पर संदीप कुमार ने बताया कि अब 24-25 मई को समाज कल्याण मंत्री कृष्ण बेदी के विधानसभा कार्यालय नरवाना पर ऐतिहासिक महापड़ाव करते हुए वादाखिलाफी का जवाब मांगेंगे।उन्होंने कहा कि भयंकर गर्मी के इस मौसम में प्रदेश सरकार ने 10 हजार ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को आज ब्लॉकों और जिलों में धरनों पर बैठने के लिए विवश कर दिया है। हर दिन किसी किसी ब्लॉक में गर्मी के कारण कोई सफाई कर्मचारी बेहोश हो रहा तो कोई बीमारी की चपेट में आ रहा है, लेकिन इसके बाद भी ग्रामीण सफाई कर्मियों की हड़ताल विस्तार ले रही है।