संवाद न्यूज एजेंसी झज्जर। हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री राजेश नागर ने कहा है कि प्रदेश के लिए यह गर्व का विषय है कि देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन हरियाणा को मिली है। उन्होंने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार हरियाणा के विकास को नई गति देने के लिए लगातार बड़े कदम उठा रही है। राजेश नागर नेहरू कॉलेज में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सोनीपत–जींद के बीच शुरू की गई देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन न केवल हरियाणा बल्कि पूरे देश के लिए स्वच्छ, आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि इससे हरियाणा की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत हुई है। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा को विकास की अनेक सौगातें मिली हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में प्रदेश के लिए करीब 15 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की घोषणा और सौगात दी गई है, जिनसे आधारभूत ढांचे, परिवहन और अन्य क्षेत्रों में व्यापक विकास होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार मिलकर हरियाणा को विकास के नए आयामों तक पहुंचाने का कार्य कर रही हैं। कार्यक्रम में मंत्री राजेश नागर एवं भाजपा नेताओं का इलेक्ट्रिक वाहनों के माध्यम से नेहरू कॉलेज पहुंचना भी आकर्षण का केंद्र रहा। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने का संदेश भी दिया गया।