जेजेपी के प्रदेश प्रवक्ता अजय गुलिया और जिला प्रैस प्रवक्ता विकास पराशर ने कहा कि प्रदेश के अंदर पुलिस वर्दी में वर्दीधारी गुंडे घूम रहे हैं। हिसार में विवाद मामले में आरोपी के खिलाफ केवल और केवल एफआईआर दर्ज करने से काम नहीं चलेगा बल्कि सरकार को चाहिए कि इस मामले में समय रहते आरोपी की गिरफ्तारी हो वरना जेजेपी के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरने का काम करेंगे। वह शनिवार को पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। गुलिया ने कहा कि हिसार में पूर्व डिप्टी सीएम के काफिले को रोक कर पुलिस गाड़ी में बैठे जिस कर्मचारी ने जो कुछ भी किया, उसकी जितनी निंदा की जाए उतनी हीं कम है। सच्चाई तो यह है कि दुष्यंत चौटाला को छात्र हितों की आवाज उठाने की सजा मिली है। इस मौके पर जजपा नेताओं ने एक फोटो भी दिखाया। इस फोटो में आरोपी पुलिस कर्मचारी पुलिस की जिस गाड़ी में बैठा हुआ, वह बगैर नंबर प्लेट की है। जांच से पता चला कि यह गाड़ी अक्तूबर 2024 में रिलीज हुई है और इसका तीन साल बीत जाने के बाद भी अथारिटी से नंबर नहीं लिया गया। इससे पता चलता है कि पुलिस कितना गैर जिम्मेदाराना ढंग से अपना खेल खेल रही है। जेजेपी प्रवक्ता गुलिया ने कहा कि यदि छात्र हितों की आवाज उठाना गुनाह है तो यह गुनाह जेजेपी बार-बार करेगी। उन्होंने कहा कि जेजेपी हरियाणा के छात्र, युवा वर्ग, किसान और मजदूर के साथ पहले भी खड़ी थी और आगे भी खड़ी रहेगी। इस अवसर पर महिला जिला प्रधान शीला गोदारा, हलका प्रधान मिंटू ठेकेदार, प्रीतम कुकड़ौला, सुमित राठी, महेंद्र सिंह, बल्लू पहलवान, कप्तान गुड्ढा, प्रेम सिंह, रामनिवास मास्टर मौजूद रहे ।