बहादुरगढ़ में खेल विभाग की जमीन पर संचालित नंदीशाला में मृत गोवंश खुले में पड़े मिलने से लोगों में भारी रोष फैल गया। आरोप है कि कई दिनों तक मृत पशुओं का अंतिम संस्कार नहीं किया गया, जिससे आसपास के क्षेत्र में बदबू फैल गई और लोगों का जीना दूभर हो गया। रात के समय बदबू से परेशान कॉलोनीवासी नंदीशाला पहुंचे और वहां के हालात देखकर हंगामा किया। लोगों ने मौके का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। स्थानीय महिलाओं और वार्ड पार्षद ने नंदीशाला को खेल स्टेडियम के लिए आरक्षित भूमि से हटाने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि नंदीशाला बिना किसी लिखित अनुमति के संचालित की जा रही है। संचालकों ने स्वीकार किया कि वर्ष 2022 में तत्कालीन एसडीएम की मौखिक अनुमति से इसे शुरू किया गया था। गौधन सेवा समिति के प्रधान रमेश राठी ने सफाई देते हुए कहा कि होली के चलते कर्मचारी छुट्टी पर थे, जिस कारण अंतिम संस्कार में देरी हुई। हालांकि विरोध के बाद मृत गोवंश का विधिवत अंतिम संस्कार कर दिया गया है। अब प्रशासन पर जमीन खाली करवाने और नंदीशाला को अन्यत्र शिफ्ट करने का दबाव बढ़ गया है।