राजकीय नेहरू पीजी महाविद्यालय में एक दिवसीय लॉन्ग बाजार प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी के मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़ ने शिरकत की। महाविद्यालय में पहुंचने पर भाजपा के राष्ट्रीय सचिव का महाविद्यालय प्रशासन की तरफ से स्वागत किया गया। इस अवसर पर ओमप्रकाश धनखड़ ने महाविद्यालय के प्रांगण में पेड़ लगाकर पर्यावरण बचाओ का संदेश दिया। वहीं, उन्होंने लॉन्ग बाजार प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना की और उन्हें जीवन में आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग पर लगाए गए गंभीर आरोपों को लेकर धनखड़ ने कहा कि मुझे लगता है राहुल गांधी का जीवन आरोपों में ही चला जाएगा। कभी वह घटनाओं पर आरोप लगाते हैं और कभी वे ईवीएम पर आरोप लगाते ,हैं क्योंकि कांग्रेस पार्टी चुनाव जीत नहीं पाती। कांग्रेस पार्टी समझ ही नहीं पा रही है नेतृत्व की क्वालिटी क्या है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व दिल चुराने वाला है और जिस पर दिल आ जाता है तो वोट अपने आप आ जाती हैं। फिर चाहे आप ईवीएम का बहाना करो या फिर चाहे चुनाव आयोग पर कुछ भी आप कहो, इससे कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है। आज दुनिया में सबसे बेहतरीन लीडरशिप भारत के पास है, जिससे पूरा भारत देश गौरवमय है। आज जिस प्रकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन पूरे देश में मनाया गया है, मैंने अपने जीवन के इतिहास में किसी और नेता का नहीं देखा। जिस प्रकार से वो आगे बढ़ रहे हैं और देश को बढ़ा रहे हैं वो एक शानदार बात है।